बेथेसदा प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, राँची
कार्यक्रम : हिंदी दिवस समारोह
PHOTO GALLERY
हिंदी दिवस समारोह का प्रतिवेदन
दिनांक : 14 सितम्बर, 2026
स्थान : बेथेसदा प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, राँची
कार्यक्रम : हिंदी दिवस समारोह
दिनांक 14 सितम्बर, 2026 को बेथेसदा प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, राँची में हिंदी दिवस बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की द्वितीय वर्ष की छात्रा कांता लकड़ा एवं प्रथम वर्ष की छात्रा अंकिता कुमारी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना के साथ हुआ, जिसकी अगुवाई प्रेमी ईवा होरो एवं सुमांशी सांगा ने की। इसके पश्चात् हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
प्रथम वर्ष की छात्रा निकिता कुमारी एवं द्वितीय वर्ष की छात्रा अर्पणा एक्का ने हिंदी दिवस के अवसर पर भाषण प्रस्तुत किया। इसके बाद हमारे महाविद्यालय की हिंदी शिक्षिका श्रीमती सोनी सोरेन ने एक प्रेरणादायक संबोधन दिया। अपने संबोधन के माध्यम से उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सभी को दैनिक जीवन में हिंदी के प्रयोग और उसकी उपयोगिता के प्रति प्रेरित किया।
भाषण के बाद कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाते हुए द्वितीय वर्ष की छात्रा संगीता मुंडा ने हिंदी में एक कहानी प्रस्तुत की। इसके पश्चात् छात्रा श्रेया लकड़ा ने एक सुंदर हिंदी कविता का पाठ किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय “दिग्भ्रमित युवा वर्ग : कारण एवं निवारण” था। वहीं, प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए कहानी लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि को अभिव्यक्त करने का अवसर मिला।
अंत में राष्ट्रगान के साथ हिंदी दिवस समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।